शासकीय महाविद्यालय सालीचौका में तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह का शुभारंभ, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत
शासकीय नवीन महाविद्यालय सालीचौका में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह का शुभारंभ हुआ। प्राचार्य डॉ. दर्शन सिंह किरार ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)।
उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय नवीन महाविद्यालय सालीचौका में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए 1 जुलाई से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले दीक्षारंभ समारोह का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दर्शन सिंह किरार द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें महाविद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. दर्शन सिंह किरार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न कार्यक्रमों, अनुशासन व्यवस्था तथा मध्यप्रदेश शासन की छात्र हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षिका सुश्री खुशबू साहू ने आधुनिक एवं श्रेष्ठ शिक्षण पद्धति के माध्यम से रोजगार की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने कौशल का विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से बेहतर करियर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
वहीं शिक्षक आकाश विश्वकर्मा ने नशे के दुष्परिणाम एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका विषय पर प्रेरक व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों निधि कुशवाहा, दीक्षा ठाकुर, राधिका पटवा, प्रतिज्ञा लोधी, विनीत लोधी, सोनिका ठाकुर, ज्ञानवती, दिव्यांश विश्वकर्मा एवं अंश मालवीय ने अपने-अपने जीवन लक्ष्य और भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
समारोह का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. दर्शन सिंह किरार ने किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।







