डायल 112 बनी जीवनदायिनी: रायपुरिया पुलिस की तत्परता से गर्भवती महिला की बची जान
झाबुआ के रायपुरिया थाना क्षेत्र में डायल 112 और पुलिस टीम की तत्परता से सड़क हादसे में घायल गर्भवती महिला की जान बच गई। समय पर अस्पताल पहुँचाने से महिला और गर्भस्थ शिशु सुरक्षित।

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ जिले के रायपुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ग्राम देवी माता पाड़ा में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई एक गर्भवती महिला की जान रायपुरिया पुलिस और डायल 112 टीम की तत्परता से बच गई। समय पर अस्पताल पहुँचाने के कारण महिला और गर्भस्थ शिशु दोनों सुरक्षित हैं।
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा डायल 112 के प्रभावी संचालन और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत शनिवार 9 मई 2026 को थाना रायपुरिया क्षेत्र में पुलिस टीम ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
सड़क हादसे में गंभीर घायल हुई गर्भवती महिला
जानकारी के अनुसार ग्राम देवी माता पाड़ा में बाइक दुर्घटना में एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल सक्रिय हुई और FRV 09 मौके पर पहुंची।

मौके पर मौजूद आरक्षक क्रमांक 393 दंगल सिंह पटेल और पायलट जुवान सिंह ने बिना समय गंवाए घायल महिला को प्राथमिक सहायता प्रदान की और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत पेटलावद अस्पताल पहुँचाया।
समय पर इलाज मिलने से टला बड़ा खतरा
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार यदि महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुँचाया जाता, तो उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। फिलहाल महिला उपचाराधीन है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस टीम की सराहना की
घटना के बाद ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने रायपुरिया पुलिस एवं डायल 112 टीम की त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता ने एक परिवार को बड़ा दुख झेलने से बचा लिया।







