खेलमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

गाडरवारा में 11 से 17 नवंबर तक होगी 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता, देशभर से पहुंचेंगे 512 खिलाड़ी

96 ऑफिशियल्स भी होंगे शामिल, कलेक्टर रजनी सिंह ने आयोजन की तैयारियों के लिए गठित कीं विभिन्न समितियां; सात मैदानों पर खेले जाएंगे मुकाबले

गाडरवारा/नरसिंहपुर। गाडरवारा के लिए यह गौरव की बात है कि यहां 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। 19 वर्षीय बालक वर्ग की इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 17 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसमें देश के सभी मान्यता प्राप्त प्रदेशों एवं इकाइयों से लगभग 512 खिलाड़ी और 96 ऑफिशियल्स हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय स्तर के इस बड़े खेल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

कलेक्टर होंगी आयोजन समिति की अध्यक्ष

जारी आदेश के अनुसार आयोजन समिति की अध्यक्ष कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह तथा कार्यकारी अध्यक्ष जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश होंगे। प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी एसडीएम गाडरवारा श्रीमती प्रगति वर्मा तथा सहायक नोडल अधिकारी तहसीलदार श्री अतुल श्रीवास्तव होंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुशवाहा को संगठन सचिव और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के जिला क्रीड़ा एवं कल्याण निरीक्षक श्री अनुज जैन को संगठन सह सचिव बनाया गया है। समिति में जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप द्विवेदी, प्रतियोगिता संयोजक सुश्री सीमा डोंगरे, सह संयोजक श्री पी. इंदुरख्या सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न अधिकारियों को शामिल किया गया है।

सात मैदानों पर होंगे राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले

प्रतियोगिता के मैच गाडरवारा एवं आसपास के क्षेत्रों के सात मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से रूद्र मैदान, एनटीपीसी खेल मैदान, अशासकीय काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, चीचली नगर परिषद खेल मैदान, आमगांव छोटा ग्राम पंचायत मैदान, कौड़िया ग्राम पंचायत मैदान तथा बोहानी स्थित शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का मैदान शामिल है।

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों एवं दलों के भोजन की व्यवस्था पीएम श्री शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडरवारा में की जाएगी, जबकि खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर निर्धारित की गई है।

व्यवस्थाओं के लिए बनाई गईं अलग-अलग समितियां

राष्ट्रीय प्रतियोगिता को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए तकनीकी, सामग्री क्रय, मैदान सत्यापन, मीडिया एवं प्रचार-प्रसार, पंजीयन, आयु सत्यापन, परिवहन, परिणाम आकलन, प्रमाण पत्र वितरण और अतिथि स्वागत सहित अनेक समितियों का गठन किया गया है।

इसके अलावा खिलाड़ियों के आवास, भोजन, सुरक्षा, यातायात, विद्युत, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, उद्घाटन एवं समापन समारोह तथा पुरस्कार वितरण की जिम्मेदारियां भी अलग-अलग समितियों को सौंपी गई हैं।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

प्रतियोगिता के दौरान समन्वय और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा। इसके नोडल अधिकारी शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडरवारा के व्याख्याता श्री आरपी महिलांग तथा सहायक नोडल अधिकारी माध्यमिक शिक्षक श्री राजीव नाहर होंगे।

कंट्रोल रूम में तीन पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

  • सुबह 8 से शाम 4 बजे तक: राहुल कोरी, सचिव लेहरिया एवं प्रदीप श्रीवास।
  • शाम 4 से रात 12 बजे तक: नारायण पटेल, दीपक तिवारी एवं मनोज वर्मा।
  • रात 12 से सुबह 8 बजे तक: देवेन्द्र कौरव, दीपक दुबे एवं शिवम साहू।

कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी आरपी महिलांग का मोबाइल नंबर 8989906573 जारी किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक पाली के कर्मचारियों के संपर्क नंबर भी निर्धारित किए गए हैं, ताकि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से गाडरवारा को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। देशभर के खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों की मौजूदगी से नगर में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!