पलोहा में खौफनाक साजिश! खेत में बिजली का तार बिछाकर युवक को उतारा मौत के घाट, शव नर्मदा में फेंका
गुमशुदगी की जांच में खुला हत्याकांड, पलोहा पुलिस ने 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार

गाडरवारा नरसिंहपुर। पलोहा थाना क्षेत्र में युवक की गुमशुदगी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत खेत में बिजली का तार बिछाकर युवक को करंट लगाया और उसकी हत्या करने के बाद शव को नर्मदा नदी में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
14 सितंबर की रात से लापता था युवक
पुलिस के अनुसार ग्राम खकरिया निवासी लाखन सिंह गुर्जर ने 16 सितंबर 2026 को थाना पलोहा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 28 वर्षीय पुत्र तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर 14 सितंबर की शाम करीब 8 बजे उत्तरा बाई को छोड़ने अपने मामा के घर ग्राम गुज्जरखेड़ा गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
गुमशुदा युवक की मोटरसाइकिल पावर हाउस के पास भटेरा में लावारिस हालत में मिली थी। इस पर पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
आखिरी बार सुरेन्द्र जाटव के साथ देखा गया
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तरवर को आखिरी बार सुरेन्द्र जाटव के साथ देखा गया था। पुलिस ने सुरेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अन्य संदिग्धों को भी जांच के दायरे में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सुरेन्द्र ने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या की योजना बनाए जाने की जानकारी दी।
खेत में बिछाया बिजली का तार
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर खेत में बिजली का तार बिछाया था। 14 सितंबर की रात जब तरवर वहां पहुंचा तो तार में करंट प्रवाहित कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से उसे एनटीपीसी घाट के समीप नर्मदा नदी में फेंक दिया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा नर्मदा नदी में शव की तलाश की जा रही है।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में कथित रूप से प्रयुक्त बिजली का तार, मृतक का गमछा, हाथ में पहनने वाला कड़ा और मोटरसाइकिल की चाबी बरामद की है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रकरण में धारा 103(1), 238(2) और 61(2) बीएनएस का इजाफा किया है।
ये 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- सुरेन्द्र जाटव
- लखन उर्फ भुज्जू जाटव
- हेमराज उर्फ हिम्मू जाटव
- बाबूलाल जाटव
- भगवत जाटव
- कमलेश उर्फ कम्मू जाटव
- पूरन जाटव
- राजेन्द्र जाटव
- लक्ष्मण जाटव
सभी आरोपी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा निवासी बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह, घटना की पूरी परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं नर्मदा नदी में फेंके गए युवक के शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम अभियान चला रही है।







