बरगी बांध के 9 गेट कल सुबह 11 बजे खुलेंगे, नर्मदा में छोड़ा जाएगा 1031 क्यूमेक पानी; घाटों पर 3-4 फीट बढ़ेगा जलस्तर
बरगी बांध के 9 जल द्वार 18 अगस्त सुबह 11 बजे खुलेंगे। नर्मदा में 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा, घाटों पर 3-4 फीट जलस्तर बढ़ेगा।

जबलपुर। बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए 18 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे बांध के 9 जल द्वार खोले जाएंगे। इससे करीब 1031 क्यूमेक जल नर्मदा नदी में छोड़ा जाएगा।
बरगी बांध प्रबंधन के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात 8 बजे बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि बांध में 1620 क्यूमेक जल की आवक हो रही थी।
नर्मदा नदी का जलस्तर 3 से 4 फीट बढ़ने की संभावना
जल द्वार खोले जाने के बाद नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर में लगभग 3 से 4 फीट की वृद्धि होने की संभावना है। जल आवक की स्थिति को देखते हुए बांध से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा को आवश्यकता के अनुसार घटाया या बढ़ाया जा सकता है।
घाटों और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
प्रशासन/बांध प्रबंधन ने आम नागरिकों से अपील की है कि नर्मदा नदी के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें।
खासकर निचले इलाकों, घाटों और नदी किनारे जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







