मध्यप्रदेश ब्लाइंड फुटबॉल टीम बनी नेशनल चैंपियन, गुजरात में रचा इतिहास
गुजरात के आनंद में आयोजित ब्लाइंड फुटबॉल लीग में मध्यप्रदेश ब्लाइंड फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

मध्यप्रदेश की ब्लाइंड फुटबॉल टीम ने दिव्यांग खेलों के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। गुजरात के आनंद स्थित खेल कॉम्प्लेक्स में इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 20 से 22 मई तक आयोजित तीन दिवसीय ब्लाइंड फुटबॉल लीग में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उड़ीसा सहित 6 राज्यों की ब्लाइंड दिव्यांग टीमों ने भाग लिया। मध्यप्रदेश की टीम ने पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने बेहतरीन खेल से सभी को प्रभावित कर दिया।
मध्यप्रदेश टीम में सागर नगर के सुशील पांडेय, जितेन्द्र कुमार, कोमल रजक तथा इंदौर के मोहित साहू, विकास राजपूत, विष्णु कुमार शामिल रहे। टीम मैनेजर कलीम खान एवं कोच सलमान खान के मार्गदर्शन में टीम ने लगातार तीन दिनों तक शानदार खेल दिखाया।
मध्यप्रदेश की टीम ने अपने सभी मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला महाराष्ट्र से हुआ। रोमांचक फाइनल मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन और टाईब्रेकर के आधार पर मध्यप्रदेश को विजेता घोषित किया गया। चैम्पियनशिप ट्रॉफी टीम कप्तान सुशील पांडेय ने प्राप्त की।
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर पैरालंपिक मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. इनाम खान, सचिव इकराम खान एवं सीईओ कमलेश रजक सहित सामाजिक न्याय विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।







