मध्य प्रदेश

बारहा बड़ा में 32वें दिन भी जारी रहा किसानों का धरना, राष्ट्रीय नेता बादल सरोज ने दिया समर्थन

चीचली जनपद पंचायत के बारहा बड़ा ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 32वें दिन भी जारी रहा। किसान सभा के राष्ट्रीय नेता बादल सरोज ने आंदोलन को समर्थन दिया।

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका। जनपद पंचायत चीचली अंतर्गत बारहा बड़ा ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 में सड़क निर्माण सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 32वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने धरना स्थल पर शासन-प्रशासन का आंखों पर पट्टी बांधे पुतला स्थापित कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि यह प्रतीक है कि शासन-प्रशासन अब तक ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

धरने में जिले के नेताओं सहित अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बादल सरोज ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता रघुवर कुशवाहा ने की। कार्यक्रम में बारहा बड़ा इकाई द्वारा अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए बादल सरोज ने कहा कि किसान सभा जिन मांगों को लेकर संघर्ष करती है, उन्हें पूरा कराकर ही दम लेती है। उन्होंने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चले लंबे किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की एकता के आगे सरकार को झुकना पड़ा था। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो तहसील, जिला ही नहीं बल्कि भोपाल तक आंदोलन को ले जाया जाएगा।

उन्होंने बारहा बड़ा से झामर तक सड़क निर्माण के लिए चले 163 दिनों के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि किसान सभा के संघर्ष के कारण ही सड़क निर्माण संभव हो पाया था। साथ ही मोहपानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए आंदोलन और जांच में 12 लाख रुपए की रिकवरी का उदाहरण देते हुए संघर्ष की ताकत को बताया।

सभा को कनछेदी लाल कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, गीता बाई कुशवाहा, मनीषा कुशवाहा, रामसेवक कुशवाहा एवं जिला सचिव देवेंद्र वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन करने का संकल्प लिया।

धरने में राज्य स्तर से उपेंद्र यादव, जगदीश पटेल तथा जिला स्तर से नरेंद्र वर्मा, युदुराज वर्मा, कालूराम वर्मा, भेरूप्रसाद विश्वकर्मा, कमलेश विश्वकर्मा, प्रेमनारायण वर्मा सहित सैकड़ों महिला, बच्चे एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुशवाहा ने किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!