भोपाल में कांग्रेस की नगरीय निकाय प्रकोष्ठ बैठक, चुनावी रणनीति पर मंथन
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की मौजूदगी में संगठन मजबूती और जनसरोकारों पर हुई चर्चा

भोपाल स्थित इंदिरा भवन में गुरुवार को कांग्रेस के नगरीय निकाय प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति, बूथ स्तर तक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने की। इस दौरान निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निशांत जैन, प्रदेश संगठन के संजय कमले, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी महेंद्र चौहान, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष युद्धवीर पटेल सहित बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने, जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत आधार देने को लेकर रणनीतिक चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

गाडरवारा-नरसिंहपुर से नगरीय निकाय प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मुकेश बंटू गुप्ता भी बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य किया जाएगा।
बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक रोडमैप तैयार करने, स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने और कांग्रेस की योजनाओं व विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।







