झाबुआ पुलिस में दिखी नई सख्ती! एसपी देवेंद्र पाटीदार का कोतवाली और पिटोल चौकी पर बड़ा निरीक्षण, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
“लूट प्रकरण का जल्द खुलासा करो, फरियादियों को त्वरित न्याय मिले” — एसपी देवेंद्र पाटीदार

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ।
झाबुआ जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से एसपी ने कोतवाली थाना एवं पिटोल चौकी का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना व्यवस्था, लंबित मामलों और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
एसपी श्री पाटीदार ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण, हवालात व्यवस्था और कार्यालयीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने थाना एवं चौकी में पदस्थ विवेचकों की बैठक लेकर लंबित अपराध, शिकायतें, मर्ग और अन्य प्रकरणों की एक-एक कर समीक्षा की।
“लंबित प्रकरणों में लापरवाही नहीं चलेगी”
बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित मामलों का निराकरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा के भीतर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा हर पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए।
लूट प्रकरण के जल्द खुलासे के निर्देश
निरीक्षण के दौरान हाल ही में हुए लूट प्रकरण को लेकर भी एसपी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। अपराध नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साइबर शिकायतों और ऑनलाइन सिस्टम की भी जांच
एसपी देवेंद्र पाटीदार ने सीसीटीएनएस (CCTNS) एवं एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर दर्ज मामलों, साइबर शिकायतों और डेटा एंट्री की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने ऑनलाइन रिकॉर्ड को अपडेट रखने और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया।
साथ ही जयाराम रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का मिलान कर रिकॉर्ड संधारण को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
रात्रि गश्त और सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
“अच्छा काम करने वालों को मिलेगा सम्मान”
एसपी श्री पाटीदार ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित थाना एवं चौकी का पूरा पुलिस बल मौजूद रहा।







