झकनावदा के शातिर चोर सैलाना ज्वेलर्स चोरी में गिरफ्तार, राजगढ़ क्षेत्र से दबोचे गए आरोपी
झकनावदा के शातिर चोर सैलाना ज्वेलर्स चोरी मामले में राजगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार। पुलिस ने 4.5 किलो चांदी, सोना, हथियार और चोरी के औजार बरामद किए। कई जिलों में वारदात कबूल।

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ/पेटलावद। झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील अंतर्गत ग्राम झकनावदा से जुड़े शातिर चोरों का गिरोह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सैलाना में ज्वेलर्स की दुकान में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को राजगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में झाबुआ, रतलाम और राजस्थान में कई चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
रतलाम एसपी अमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि सैलाना थाना क्षेत्र में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर एवं विकास उर्फ फरीद हुसैन निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ के रूप में हुई है।
झकनावदा चोरी के बाद सैलाना में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि 15-16 मई की रात आरोपियों ने झकनावदा में मेहमूद और आसिफ खान के यहां चोरी की वारदात में अहम भूमिका निभाई थी। इस घटना में करीब 5.50 लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी किए गए थे। मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि आनंद और फरीद फरार चल रहे थे।
मोबाइल ट्रैकिंग के बावजूद आरोपी लगातार फोन बंद रखकर पुलिस से बचते रहे। 20 मई को झाबुआ पुलिस द्वारा चोरी का खुलासा किए जाने के बाद दोनों आरोपी निश्चिंत हो गए और उसी रात रतलाम जिले के सैलाना स्थित शत्रुंजय ज्वेलर्स को निशाना बना डाला।
ग्राइंडर से काटा शटर, लाखों के जेवर लेकर फरार
आरोपियों ने ग्राइंडर मशीन से दुकान का शटर काटकर करीब 4.5 किलो चांदी और 15 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद रतलाम पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
राजगढ़ क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने सैलाना, पेटलावद, झाबुआ और राजस्थान के कई इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
मंदिर और मोटरसाइकिल चोरी में भी शामिल

पुलिस के अनुसार आरोपी सैलाना के कीर्तिविहार, ग्राम कमेड स्थित हिंगलाज माता मंदिर और अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसके अलावा मंदसौर जिले के दलौदा से एक पल्सर बाइक और राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई है।
चोरी के औजार, देशी पिस्टल और कारतूस बरामद
झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि आरोपियों ने पिछले वर्ष झकनावदा मेले के दौरान कुलदीप आचार्य के यहां भी रेकी कर चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल औजार, एक देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
फिलहाल रतलाम पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। संभावना है कि अन्य जिलों की पुलिस भी इन्हें वारंट पर लेकर पुराने मामलों की जांच करेगी।







