मध्य प्रदेश

Gadarwara News: स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत तहसील स्तरीय स्वच्छता कार्यशाला आयोजित

स्वच्छ शहर बनाने के लिए नागरिकों का जागरूक होना जरूरी : नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा

गाडरवारा। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत बुधवार, 16 सितंबर को न्यू कॉलेज ऑडिटोरियम में तहसील स्तरीय स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता शाखा से जुड़े कर्मचारियों, कचरा संग्रहण वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद स्वच्छता को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने विचार रखे और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

स्वच्छता के लिए नागरिकों की सहभागिता जरूरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष पं. शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी वातावरण की नहीं, बल्कि आंतरिक स्वच्छता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देशभर में गांवों और शहरों को स्वच्छ बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय कचरा संग्रहण वाहन में ही डालना चाहिए। नगर पालिका द्वारा कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल कर्मचारियों की नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक होगा, तभी स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।

सड़कों पर कचरा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई

नगर परिषद तेंदूखेड़ा अध्यक्ष विष्णु प्रसाद शर्मा ने कहा कि घरों का कचरा और निर्माण सामग्री का मलबा सड़कों पर नहीं फैलना चाहिए। इसके लिए नगर परिषद के कर्मचारियों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि तेंदूखेड़ा में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दुकानदारों पर भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग और जागरूकता से ही नगर निकाय को पूरी तरह स्वच्छ बनाया जा सकता है।

जनप्रतिनिधि बनें स्वच्छता के संदेशवाहक

जबलपुर से आए पीओ डूडा पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि नगर निकायों के जनप्रतिनिधि जनता की छवि होते हैं। यदि अध्यक्ष और पार्षद अपने-अपने वार्ड के नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे तो इसका प्रभाव व्यापक होगा।

उन्होंने उपस्थित नगर अध्यक्षों एवं पार्षदों से अपने-अपने नगर और वार्ड को स्वच्छ बनाने की दिशा में पहल करने तथा स्वच्छता का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

एलईडी के माध्यम से दिया स्वच्छता प्रशिक्षण

कार्यशाला में पहुंचे प्रशिक्षकों द्वारा एलईडी टीवी के माध्यम से स्वच्छता से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान नागरिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कर्तव्यों तथा माननीय न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप स्वच्छता संबंधी दायित्वों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग को नियंत्रित करने तथा नागरिकों की जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

कार्यक्रम में सालीचौका एवं साईखेड़ा नगर परिषद के अध्यक्ष, गाडरवारा एवं तेंदूखेड़ा के सीएमओ, तेंदूखेड़ा सीएमओ राजीव लोचन कटारे, सालीचौका सीएमओ भवानी प्रसाद शर्मा, चीचली सीएमओ विकास राव बाघमारे सहित सभापति एवं पार्षद आनंद दुबे, सुरेंद्र गुर्जर, श्रीमती पूजा तिवारी, मंगल सिंह जाटव, हक्के लाल हरिजन, नगर पालिका स्वच्छता शाखा प्रभारी संजय श्रीवास, जयंत ब्राउन, एई सत्यम जाट, विशाल सिंह राठौर, संध्या उइके सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा स्वच्छता शाखा से जुड़े कर्मचारी, कचरा संग्रहण वाहन चालक, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भी कार्यशाला में शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन नपा कर्मचारी आरिफ खान ने किया। अंत में नगर पालिका सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!