गंगा दशहरा पर ककराघाट में दर्दनाक हादसा, युवक की डूबने से मौत

गाडरवारा | गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नर्मदा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाडरवारा के ककराघाट में नर्मदा नदी में नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान ग्राम खैरी पलोहा निवासी देवेश पिता रामू गुर्जर (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गंगा दशहरा के अवसर पर देवेश अपने परिजनों के साथ नर्मदा तट पर भंडारे में शामिल होने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 5-6 युवक नर्मदा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन देवेश को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गंगा दशहरा जैसे धार्मिक पर्व पर हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नर्मदा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और गोताखोरों की तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







