अमृत भारत स्टेशन योजना पर उठे सवाल: श्रीधाम स्टेशन का नवनिर्मित रूफ प्लाजा हल्की हवा में उड़ा, जांच के निर्देश
नरसिंहपुर के श्रीधाम रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बना नवनिर्मित रूफ प्लाजा हल्की हवा में क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए, स्टेशन मास्टर ने जांच का भरोसा दिया।

गोटेगांव/नरसिंहपुर। केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से विकसित किए गए श्रीधाम रेलवे स्टेशन पर निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्टेशन परिसर में लगाया गया नवनिर्मित रूफ प्लाजा वाटरशेड कथित तौर पर हल्की हवा के झोंके में ही क्षतिग्रस्त होकर उड़ गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन परिसर में लगे टिन-शेड और सजावटी ढांचे के हिस्से उखड़कर नीचे गिर गए। घटना के समय वहां कोई यात्री इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय यात्रियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है। उनका कहना है कि स्टेशन का उद्घाटन हुए लगभग एक वर्ष ही हुआ है और इतनी कम अवधि में इस तरह का नुकसान गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
यात्रियों ने आशंका जताई कि यदि हल्की हवा में ही संरचना क्षतिग्रस्त हो रही है, तो तेज आंधी या बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
नागरिकों ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में क्षतिग्रस्त रूफ प्लाजा और अन्य संरचनाओं की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
स्टेशन मास्टर ने जांच का दिया भरोसा
इस संबंध में श्रीधाम स्टेशन मास्टर विनोद शर्मा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







