शिक्षा/नौकरी

नवीन प्रवेशोत्सव पर बसुरिया हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं को मिला निशुल्क साइकिल का उपहार, शिक्षा के प्रति किया गया प्रेरित

नरसिंहपुर के बसुरिया हाई स्कूल में नवीन प्रवेशोत्सव 2026 के तहत छात्र-छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गई। अतिथियों ने शिक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका (नरसिंहपुर)। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत नवीन प्रवेशोत्सव 2026 के अवसर पर एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसुरिया में बुधवार को गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बसुरिया के सरपंच कमलेश कुमार सिलोकिया रहे। उनके साथ वरिष्ठ समाजसेवी हाकम सिंह वर्मा, चंद्रप्रकाश वर्मा, हरदौल जन सेवा समिति के रामेश्वर वर्मा, विद्यालय के प्राचार्य लखन लाल मेहरा तथा शिक्षक आर.डी. सिलावट ने छात्र-छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शासन की योजनाओं की दी जानकारी

मुख्य अतिथि कमलेश कुमार सिलोकिया ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने निःशुल्क साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना, गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना तथा विक्रमादित्य योजना जैसी विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक या दूरी जैसी कोई भी समस्या बच्चों की पढ़ाई में बाधा न बने।

दूरस्थ विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

विद्यालय के प्राचार्य लखन लाल मेहरा ने बताया कि विद्यालय में आसपास के कई दूरस्थ गांवों से छात्र-छात्राएं अध्ययन करने आते हैं। परिवहन की सुविधा नहीं होने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। शासन की निःशुल्क साइकिल योजना से अब विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी तथा उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई में भी सुधार आएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करने की अपील की।

शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।

इस अवसर पर रामेश्वर वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि “साइकिल चलाओ, पेट्रोल बचाओ और एक पेड़ जरूर लगाओ।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे विद्यार्थी एवं ग्रामीण

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच कमलेश कुमार सिलोकिया, हाकम सिंह वर्मा, चंद्रप्रकाश वर्मा, रामेश्वर वर्मा, प्राचार्य लखन लाल मेहरा, आर.डी. सिलावट, भगवत वर्मा, रामकुमार कहार, बालमुकुंद वर्मा, राघवेन्द्र राजपूत, विद्यालय का समस्त स्टाफ, ग्राम के गणमान्य नागरिक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन रामकुमार कहार ने किया, जबकि अंत में बालमुकुंद वर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!