नगर पालिका सीएमओ रितु मेहरा ने किया सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण, लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
गाडरवारा नगर पालिका की सीएमओ रितु मेहरा ने विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। दो कर्मचारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए और सफाई व्यवस्था व कचरा प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।

गाडरवारा। नगर पालिका परिषद गाडरवारा की नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती रितु मेहरा ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन किया तथा स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा ने कामथ वार्ड, शहीद भगत सिंह वार्ड, चावड़ी वार्ड, राजीव वार्ड एवं शिवाजी वार्ड का भ्रमण कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन कराया तथा दैनिक कार्य डायरी को नियमित एवं पूर्ण रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।
दो कर्मचारियों के वेतन काटने के आदेश
निरीक्षण के दौरान कामथ वार्ड में दो सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने दोनों कर्मचारियों के वेतन से कटौती करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर होगी कार्रवाई
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई दुकानदार, व्यवसायी अथवा मकान मालिक अपने घर या प्रतिष्ठान के सामने बिल्डिंग मटेरियल, रेत, गिट्टी, ईंट या अन्य निर्माण सामग्री सार्वजनिक सड़क अथवा नाली पर रखता है, तो उसे तत्काल जब्त कर संबंधित व्यक्ति पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर निर्माण सामग्री रखने से यातायात प्रभावित होता है और आम नागरिकों को परेशानी होती है।
गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र करने के निर्देश
नगर पालिका द्वारा संचालित कचरा संग्रहण वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहन चालकों एवं हेल्परों को निर्देश दिए गए कि वे गीले एवं सूखे कचरे का पृथक-पृथक संग्रहण सुनिश्चित करें, ताकि कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके और स्वच्छता अभियान को गति मिले।
नागरिकों से किया सहयोग का आग्रह
सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें तथा केवल नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें। उन्होंने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया कि कचरा खुले स्थानों, सड़कों, नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें, क्योंकि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य गाडरवारा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना है तथा इसके लिए नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







