इंदौर विश्वविद्यालय में प्रथम आईं करेली की बेटी नैन्सी शर्मा, अर्थशास्त्र में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

संवाददाता पूजा मालवीय
करेली। नगर की होनहार छात्रा नैन्सी शर्मा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर की एम.ए. (अर्थशास्त्र) द्वितीय वर्ष की परीक्षा में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है।
विश्वविद्यालय द्वारा मई 2026 में आयोजित परीक्षा में ए.बी.वी.जी.ए.सी. कॉलेज, इंदौर की छात्रा नैन्सी शर्मा ने प्रथम श्रेणी विद डिस्टिंक्शन के साथ यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा में 9.05 सीजीपीए अर्जित किया तथा सभी विषयों में सफलता प्राप्त करते हुए 22 में से 22 क्रेडिट हासिल किए। उनका एजीपीए 8.55 रहा।
नैन्सी शर्मा, करेली नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा एवं पूर्व पार्षद सुचिता शर्मा की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता से परिवार, शिक्षकों और पूरे नगर में खुशी का माहौल है।
नैन्सी की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।







