तेंदूखेड़ा में कुएं में गिरा तेंदुआ, क्षेत्र में फैली दहशत
नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में खेत के कुएं में तेंदुआ गिरने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

संवाददाता पूजा मालवीय
तेंदूखेड़ा नरसिंहपुर। जिले के तेंदूखेड़ा नगर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित सहजपुर रोड के समीप एक खेत में बने कुएं में तेंदुआ गिर जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और आसपास दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने कुएं से अजीब आवाजें सुनीं। जब उन्होंने कुएं के अंदर झांककर देखा तो उसमें तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुआ को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है। अधिकारियों द्वारा आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों को कुएं से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़ न लगाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि रेस्क्यू कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बताया जा रहा है कि तेंदुआ को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा।







