मध्य प्रदेशस्वास्थ्य

नगर पालिका में स्वास्थ्य शिविर, कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

सफाईकर्मियों सहित नपा के सभी विभागों के कर्मचारियों की जांच, निःशुल्क दवाएं वितरित कर मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी

गाडरवारा। नगर पालिका के मंगल भवन में विगत दिवस नगर पालिका कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में गाडरवारा चिकित्सालय की टीम ने नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, बुखार सहित सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार कर्मचारियों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं तथा चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. रिचा सोनी, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं। डॉ. रिचा सोनी ने कर्मचारियों को मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान मौसम में डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में आसपास स्वच्छता बनाए रखना, संतुलित आहार लेना और आवश्यकता पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने बीमारियों से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी भी दी।

स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर सेवाएं दे सकते हैं : नपा अध्यक्ष

नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। नगर की स्वच्छता और अन्य जरूरी सेवाओं में कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वस्थ कर्मचारी ही नागरिकों को बेहतर सेवाएं दे सकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में इस प्रकार की स्वास्थ्य गतिविधियां जारी रहेंगी।

शिविर में नगर पालिका के बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया।

इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!