मध्य प्रदेशराजनीति

गाडरवारा: बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, तहसील कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

गाडरवारा। बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गाडरवारा में जन आक्रोश रैली निकाली गई। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने कंधों पर गैस सिलेंडर और हाथों में महंगाई विरोधी तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रैली के बाद कांग्रेस नेताओं ने तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।

रैली पुरानी गल्ला मंडी से शुरू हुई और झंडा चौक, शक्ति चौक, महावीर भवन तथा पानी की टंकी होते हुए पलोटन गंज पहुंची। यहां रैली सभा में परिवर्तित हो गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

भाजपा सरकार पर कांग्रेस ने लगाए महंगाई बढ़ाने के आरोप

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनीता पटेल ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर बेरोजगारी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का जीवन यापन मुश्किल हो रहा है। रसोई गैस सिलेंडर, शक्कर, खाद्य तेल, दाल सहित घरेलू उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेता गौतम पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे दिनों का वादा करने वाली सरकार ने आम आदमी के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस नेता जिनेश जैन ने कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है और आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी का असर परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक दिखाई दे रहा है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश सैनी ने कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी और जनता की आवाज को लेकर सड़कों पर उतरकर सरकार को जगाने का काम करेगी।

कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है” और “महंगाई कम करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई को आम जनता की प्रमुख समस्या बताते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।

रैली में कांग्रेस नेता विनोद राजोरिया, जिला सदस्य मोना कौरव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजीव दुबे, चीचली ब्लॉक अध्यक्ष गिरजा शंकर, साईंखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष लखन पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता जायसवाल, कांग्रेस नेता उमेश नीरस, उमा गुप्ता, प्रियंका चांदनी दीक्षित, छोटेरजा कौरव, मुकेश गुप्ता, अवधेश रूसिया, गोलू गुप्ता, सेवादल प्रभारी सौरभ जैन, अध्यक्ष सूरज राय, कपिल कौरव, तिलक चौहान, मनीष कौरव, अभिषेक कौरव, मंडलम अध्यक्ष संजय कौरव, हंसु राय, मोनू झिरा, राजदीप दुबे, एश राय, मीडिया प्रभारी सुनील दुबे, नेतराम श्रीवास, कैलाश पंड्या, भूपेंद्र कौरव सहित कांग्रेस महिला मोर्चा, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!