क्राइममध्य प्रदेश

माखननगर में अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा: जीजा पर हत्या का आरोप, बसूला और खून से सने कपड़े बरामद

नर्मदापुरम के माखननगर में खंडहर से मिली युवक की लाश मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने मृतक के जीजा को आरोपी बताते हुए बसूला और खून से सने कपड़े बरामद किए।

संवाददाता राकेश पटेल इक्का

नर्मदापुरम। माखननगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटगांव में खंडहर मकान से मिले 35 वर्षीय संजय उर्फ जितेंद्र मालवीय की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में मृतक के जीजा घनश्याम मालवीय को आरोपी बनाया गया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बसूला और कथित रूप से खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजू चौहान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।

तकनीकी और वैज्ञानिक जांच से खुली हत्या की गुत्थी

जांच के दौरान पुलिस ने गांव में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया और ग्रामीणों, परिजनों तथा मृतक के परिचितों से लगातार पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस का संदेह मृतक के जीजा घनश्याम मालवीय पर गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक शराब के नशे में अक्सर घर और पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद करता था तथा आग लगाने की धमकी देता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपी मृतक को सुनसान खंडहर में ले गया और बसूले से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बसूला तथा घटना के समय पहने गए कथित खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, पारिवारिक विवाद और पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा तनाव इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और सुनवाई के बाद ही होगी।

माखननगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक जांच और मजबूत सूचना तंत्र के समन्वय से इस अंधे कत्ल की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझने की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!