मध्यप्रदेश में नई पहल: झकनावदा सहकारी संस्था बनी पशु आहार ‘सुदाना’ विक्रय केंद्र शुरू करने वाली पहली संस्था
सहकार से समृद्धि योजना के तहत हुआ शुभारंभ, पशुपालकों और किसानों को अब सहकारी संस्था के माध्यम से मिलेगा पशु आहार; पहले चरण में 70 बैग सुदाना उपलब्ध

झाबुआ। सहकारिता विभाग की ‘सहकार से समृद्धि’ योजना के तहत झाबुआ जिले की पेटलावद तहसील स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित झकनावदा ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। संस्था में पशु आहार (सुदाना) विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही झकनावदा संस्था को मध्यप्रदेश में पशु आहार वितरण केंद्र शुरू करने वाली पहली सहकारी संस्था बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ विक्रय केंद्र का शुभारंभ
यह पहल सहकारिता विभाग झाबुआ की सहकार से समृद्धि योजना के अंतर्गत संस्था के ठहराव प्रस्ताव के आधार पर शुरू की गई। इसके लिए इंदौर दुग्ध संघ के महाप्रबंधक (क्षेत्र संचालन) एवं महाप्रबंधक (पशु आहार संयंत्र) के साथ-साथ दुग्ध शीत केंद्र पेटलावद के प्रबंधक सोहनलाल कनेश और झकनावदा सहकारी संस्था के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
विक्रय केंद्र का शुभारंभ सहकारिता विभाग झाबुआ के उपायुक्त राजेंद्र कनेश एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित झाबुआ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरजू खान द्वारा किया गया।
पहले चरण में मिले 70 बैग पशु आहार
विक्रय केंद्र के शुभारंभ अवसर पर इंदौर दुग्ध संघ के दुग्ध शीत केंद्र पेटलावद के माध्यम से झकनावदा संस्था को 40 बैग सुदाना और 30 बैग सुपर सुदाना उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरजू खान द्वारा संस्था के पंजीकृत किसान को पशु आहार भी प्रदान किया गया।
किसानों और पशुपालकों को मिलेगा सीधा लाभ
झकनावदा में पशु आहार विक्रय केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के पंजीकृत किसानों और पशुपालकों को सहकारी संस्था के माध्यम से पशु आहार उपलब्ध हो सकेगा। इससे उन्हें पशु आहार प्राप्त करने के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
संस्था के इस प्रयास से क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों में उत्साह देखा जा रहा है। पशुपालन को प्रोत्साहन देने और सहकारी संस्थाओं को बहुउद्देशीय गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस पहल को सफल बनाने में झकनावदा सहकारी संस्था के प्रशासक रविंद्र सोलंकी, प्रबंधक हरिराम पडियार, दुग्ध शीत केंद्र पेटलावद के प्रबंधक सोहनलाल कनेश सहित इंदौर दुग्ध संघ एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
झकनावदा संस्था की यह उपलब्धि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन गतिविधियों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।







