श्री संत तारण तरण जैन चैत्यालय में श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण उत्सव

गाडरवारा। स्थानीय श्री संत तारण तरण जैन चैत्यालय जी में भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण उत्सव पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर भगवान महावीर स्वामी के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6:30 बजे से श्री छद्मस्थ वाणी के पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात मंदिर विधि संपन्न की गई तथा दीप प्रज्ज्वलित कर काकड़ा आरती की गई। मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने धर्म आराधना की।
जैन समाज में दीपावली पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान महावीर स्वामी ने पावापुरी में निर्वाण अर्थात मोक्ष प्राप्त किया था। इसी पावन स्मृति में जैन समाज दीपावली को भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के रूप में मनाता है।
इस अवसर पर नगर के अन्य जैन मंदिरों में भी विशेष धार्मिक आयोजन किए गए तथा भगवान महावीर स्वामी के निर्वाणोत्सव पर श्रद्धापूर्वक निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। पूरे नगर में धर्ममय और भक्तिमय वातावरण रहा।







