अग्रसेन जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
9 से 11 अक्टूबर तक त्रिदिवसीय आयोजन, 11 अक्टूबर को नगर भ्रमण करेगी शोभायात्रा; 13 अक्टूबर को होगा गरबा महोत्सव

गाडरवारा। अग्रवाल समाज, अग्रवाल महिला मंडल एवं अग्रवाल युवा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में श्री श्री 1008 महाराजाधिराज अग्रसेन जी का 5096वां जन्मोत्सव 9, 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को धूमधाम, हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। त्रिदिवसीय आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं एवं मातृशक्ति में उत्साह का माहौल है। आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक, मनोरंजक कार्यक्रमों के साथ भव्य शोभायात्रा और प्रतिभा सम्मान समारोह प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
अग्रवाल समाज अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी अग्रसेन जयंती महोत्सव को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रमों में समाज की एकजुटता, संस्कृति, परंपरा और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया है।
9 अक्टूबर से होगा महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 9 अक्टूबर को शाम 4 बजे श्रीदेव बांके बिहारी मंदिर परिसर से होगा। पहले दिन बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मातृशक्ति के लिए विशेष सरप्राइज गेम तथा महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने के लिए ‘फूलों की ज्वेलरी प्रतियोगिता’ भी आयोजित होगी।
सांस्कृतिक संध्या में दिखेगी प्रतिभाओं की झलक
10 अक्टूबर को शाम 7 बजे सुखदेव भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं स्वरुचि भोज का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं महिलाओं द्वारा धार्मिक गीतों पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
नन्हे-मुन्नों के लिए विशेष फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें बच्चे विभिन्न पौराणिक एवं ऐतिहासिक पात्रों की वेशभूषा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
11 अक्टूबर को होगा महाराजा अग्रसेन का पूजन
जयंती के मुख्य दिवस 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे श्रीदेव लक्ष्मी नारायण मंदिर (लाडो मोदन मंदिर) में महाराजा अग्रसेन जी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन होगा।
बैंड-बाजे, घोड़े-बग्घी और झांकी के साथ निकलेगी शोभायात्रा
दोपहर 4 बजे इसी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े-बग्घी एवं महाराजा अग्रसेन जी की आकर्षक झांकी प्रमुख आकर्षण रहेगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम 6 बजे राधावल्लभ वार्ड स्थित श्रीदेव बांके बिहारी जी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
महाआरती के बाद होगा पुरस्कार वितरण
शोभायात्रा के समापन के बाद उसी स्थल पर महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में समाज के होनहार विद्यार्थियों के लिए ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित किया जाएगा। इसमें 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
13 अक्टूबर को होगा गरबा महोत्सव
अग्रसेन जयंती महोत्सव के क्रम में 13 अक्टूबर, मंगलवार को शाम 7 बजे से सुखदेव भवन में मातृशक्ति के लिए भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होने की अपील
अग्रवाल समाज अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने समस्त अग्रबंधुओं से सपरिवार एवं पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा सहित सभी कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने समाजजनों से आयोजन को भव्य, गरिमामय एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
जनता एक्सप्रेस लाइव







