क्राइममध्य प्रदेश

नेवी जवान पर चाकू से जानलेवा हमला, गन्ने के खेत में छिपे दोनों आरोपी गिरफ्तार

करेली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद

पनारी/करेली/नरसिंहपुर। करेली थाना क्षेत्र में अवकाश पर गांव आए नेवी जवान पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को नारगी एवं माल्हनवाड़ा के पास गन्ने के खेत में घेराबंदी कर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत करेली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

गणेश पंडाल के सामने नेवी जवान पर किया हमला

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2026 को पनारी निवासी नंदराम कौरव ने थाना करेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र सूरज कौरव, जो नेवी में पदस्थ है और वर्तमान में अवकाश पर गांव आया हुआ था, 16 सितंबर की रात करीब 10:45 बजे गणेश पंडाल के सामने मौजूद था।

इसी दौरान कार्तिक उदेनिया निवासी नारगी और अजय उर्फ छोटू नामदेव निवासी पनारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने सूरज कौरव पर धारदार चाकू से पेट, सीना और पीठ पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए करेली थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम लगातार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

गन्ने के खेत में छिपे थे दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे विशेष टीम को आरोपियों के नारगी एवं माल्हनवाड़ा के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गन्ने के खेत में छिपे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू बरामद, आरोपी के खिलाफ पहले से भी मामले

पुलिस ने आरोपी कार्तिक उदेनिया के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार कार्तिक के विरुद्ध थाना करेली और थाना गाडरवाड़ा में पूर्व से भी कई अपराध पंजीबद्ध होना सामने आया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • कार्तिक उदेनिया, पिता नरेन्द्र उदेनिया, निवासी नारगी
  • अजय उर्फ छोटू नामदेव, पिता भोगीराम नामदेव, निवासी पनारी

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, उपनिरीक्षक विजय धुर्वे, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र उइके, आरक्षक चेतन तंतुवाय, कपिल राजपूत, सचिन लोधी एवं लक्ष्मी नगपुरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!