मध्य प्रदेश

जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर बड़ा हादसा: उफनते नाले में बह गई बोलेरो, चालक की मौत, 5 लोगों ने कांच तोड़कर बचाई जान

जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर बेलखेड़ा के पास तेज बारिश के बीच बोलेरो उफनते नाले में बह गई। हादसे में चालक रवि पिल्ले की मौत हो गई, जबकि पांच लोग कांच तोड़कर सुरक्षित बाहर निकल आए। पढ़ें पूरी खबर।

जबलपुर/नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नरसिंहपुर जिले के बरमान से जबलपुर लौट रही एक बोलेरो बेलखेड़ा के पास उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच अन्य लोग किसी तरह कांच तोड़कर और तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

तीन फीट पानी के बीच रपटा पार करना पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग बेलखेड़ा शराब दुकान सिंडिकेट से जुड़े कर्मचारी थे, जो बरमान से जबलपुर लौट रहे थे। रास्ते में बेलखेड़ा के पास कटाव पर बने रपटे पर करीब तीन फीट पानी बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव के बावजूद चालक ने वाहन को रपटा पार कराने का प्रयास किया।

जैसे ही बोलेरो रपटे के बीच पहुंची, पानी का तेज बहाव वाहन पर हावी हो गया। देखते ही देखते बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई और नाले के तेज बहाव में बहने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कांच तोड़कर बाहर निकले पांच लोग

हादसे के दौरान बोलेरो में सवार संदीप बंजारा, चंदन लोधी, बबलू आदिवासी, बद्दू और मयंक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन का कांच तोड़ा और किसी तरह बाहर निकल आए। इसके बाद वे तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंचने में सफल रहे।

हालांकि चालक 52 वर्षीय रवि पिल्ले, निवासी सदर (जबलपुर), का पैर बोलेरो में फंस गया। वह वाहन से बाहर नहीं निकल सके और तेज बहाव के बीच उनकी मौत हो गई।

तीन घंटे बाद मिला चालक का शव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय नाले के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सभी ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कोई भी नाले में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

करीब तीन घंटे बाद जब जलस्तर कुछ कम हुआ तो बह चुकी बोलेरो दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन तक पहुंचकर रवि पिल्ले को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

घटना के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के दौरान बेलखेड़ा पुलिस मौके पर मौजूद होने के बावजूद तत्काल प्रभावी बचाव कार्य नहीं कर सकी। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने शुरू की जांच

बेलखेड़ा थाना प्रभारी धन्नू सिंह ने बताया कि बोलेरो (क्रमांक MP-20-0433) में कुल छह लोग सवार थे। रपटे पर तेज बहाव के कारण वाहन अनियंत्रित होकर नाले में बह गया। चालक का पैर वाहन में फंस जाने से उनकी मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

प्रशासन की अपील

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नालों, पुलों और रपटों को पार करने का प्रयास न करें। कुछ मिनटों की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है। जलस्तर कम होने का इंतजार करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!