ककरा घाट रोड पर लोहे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो लोग फंसे; ग्रामीणों ने बचाई जान

गाडरवारा। गाडरवारा के ककरा घाट चिरहकला मार्ग पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिल्डिंग मटेरियल का लोहा लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में सवार दो लोग उसके नीचे फंस गए, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और जेसीबी मशीन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बाइक को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली गाडरवारा से ककरा घाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से अचानक एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रॉली के नीचे फंसे दो लोगों का किया गया रेस्क्यू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रॉली में भारी मात्रा में लोहा भरा होने के कारण नीचे फंसे लोगों को निकालना चुनौतीपूर्ण था। बाद में जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रॉली को उठाकर दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बड़ी जनहानि टली
हादसा गंभीर था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते ग्रामीणों द्वारा किए गए बचाव कार्य के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। दोनों व्यक्तियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों को ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए प्रयास करते हुए देखा जा सकता है। लोगों ने ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता की सराहना की है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
पलोहा थाना प्रभारी बी.एल. त्यागी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।







