शिक्षा/नौकरी

करेली की बेटी पलक सोनी ने बढ़ाया नगर का मान, राष्ट्रपति के हाथों मिला स्वर्ण पदक

संवाददाता पूजा मालवीय

करेली। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर में आयोजित 36वें दीक्षांत समारोह में करेली की प्रतिभाशाली बेटी पलक सोनी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि न केवल पलक और उनके परिवार बल्कि पूरे करेली नगर के लिए गौरव का विषय बन गई है। समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह का आयोजन अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक एवं उपाधियां प्रदान की गईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया तथा उन्हें अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और देश के विकास के लिए करने का आह्वान किया।
समारोह में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली पलक सोनी की उपलब्धि से करेली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगरवासियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पलक की इस सफलता ने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का यह 36वां दीक्षांत समारोह ऐतिहासिक रहा, क्योंकि इसमें देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। विश्वविद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का संदेश दिया गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!