पत्रकार ने लगाई जान के खतरे की गुहार, DGP से की शिकायत
नर्मदापुरम के इटारसी में पत्रकार सन्नी लालवानी ने जान से मारने की धमकी और झूठे मामलों में फंसाने का आरोप लगाते हुए DGP से सुरक्षा की मांग की है।

इटारसी (नर्मदापुरम)। शहर के एलकेजी कॉलोनी निवासी एक पत्रकार ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत सौंपी है। शिकायत में जान से मारने की धमकी मिलने और झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एलकेजी कॉलोनी, सोना सावरी रोड निवासी सन्नी लालवानी ने भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में आवेदन देकर बताया कि उनके खिलाफ इटारसी पुलिस द्वारा दो झूठे प्रकरण दर्ज किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपितों द्वारा खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं और कहा जा रहा है कि पुलिस को प्रभावित कर उनके खिलाफ और भी झूठे केस दर्ज कराए जाएंगे। पीड़ित के अनुसार, उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी जा रही है, जिससे वह और उनका परिवार भय के माहौल में जी रहे हैं।
पत्रकार सन्नी लालवानी ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित आरोपितों की होगी।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मामले में क्या है खास
- पत्रकार ने सीधे DGP को दी शिकायत
- जान से मारने की धमकी का आरोप
- झूठे केस में फंसाने का दावा
- परिवार की सुरक्षा की मांग







