पीएम जनमन योजना के तहत 29 किमी सड़क निर्माण का शुभारंभ, मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले—वनांचल क्षेत्रों को मिल रही मुख्यधारा से जोड़ने की ताकत
गाडरवारा | आदिवासी सम्मेलन में किया करोड़ों के विकास कार्यों का ऐलान

गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाके में विकास को नई गति देते हुए प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत ग्राम मोहपानी से वनांचल ग्राम बड़ागांव तक लगभग 29.10 किमी लंबी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना की लागत करीब 40 करोड़ रुपये बताई गई है।
वनांचल क्षेत्रों को मिल रही नई पहचान
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ना है, ताकि यहां रहने वाले आदिवासी भाई-बहनों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को याद करते हुए कहा कि गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने की नींव उनके कार्यकाल में रखी गई थी, जिसे आज और आगे बढ़ाया जा रहा है।

आदिवासी बहनों के हाथों हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने आदिवासी बहनों के हाथों फीता कटवाकर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समुदाय का पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया।
पीएम जनमन योजना से मिल रही मूलभूत सुविधाएं
मंत्री ने बताया पीएम जनमन योजना कि के तहत सरकार सड़कों के साथ-साथ बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोग अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों और रोजगार के अवसरों से जुड़ सकेंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी फोकस
मंत्री ने घोषणा की कि ग्राम बड़ागांव में स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा और जनपद पंचायत चीचली में सांदीपनी स्कूल भवन में आदिवासी बच्चों को शिक्षा दी जाएगी।
इसके साथ ही नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा शुरू की गई एयर एम्बुलेंस सेवा का भी लाभ प्रदेश के मरीजों को मिल रहा है।
मंत्री ने कीं कई अहम घोषणाएं
कार्यक्रम में मंत्री ने कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं—
- मोहपानी में बड़ादेव मंदिर के लिए 2 लाख रुपये
- छोटा जबलपुर में प्रसाधन गृह निर्माण हेतु 5 लाख रुपये
- टुईयापानी से भिलमाढाना रोड निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष गाडरवारा शिवाकांत मिश्रा, अभिलाष मिश्रा, मुकेश मरैया, भूपेन्द्र ठाकुर, मिनेन्द्र डागा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, कमल खटीक, सुश्री नंदनी मरावी, ठाकुर राजीव सिंह, राजाराम ठाकुर, राव संदीप सिंह, रामकुमार ठाकुर, नवनीत चाचा, नरेन्द्र कौरव, अन्य जनप्रतिनिधि, पीआईयू के संजीव सनौड़िया सहित अन्य अधिकारी, आदिवासी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
निष्कर्ष
पीएम जनमन योजना के तहत यह सड़क निर्माण कार्य न केवल वनांचल क्षेत्र की तस्वीर बदलेगा, बल्कि यहां के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







