पूर्व विधायक सज्जन सिंह उईके की पुण्यतिथि पर गायत्री यज्ञ व भंडारा, जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता शाहपुर
शाहपुर । घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व लोकप्रिय विधायक स्वर्गीय सज्जन सिंह उईके की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को उनके स्मरण में विधायक निवास, फोरलेन NH-46 भौंरा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, गायत्री यज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे और स्वर्गीय उईके को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रातः 9 बजे से विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गायत्री यज्ञ एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वर्गीय सज्जन सिंह उईके के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे जनसेवा के लिए समर्पित नेता थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी।
वहीं क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय सज्जन सिंह उईके ने हमेशा गरीब, किसान और आमजन की आवाज को मजबूती से उठाया। उनकी जनसेवा और सादगी आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। हम उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने स्वर्गीय उईके के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का भाव देखने को मिला।







