करेली सोमवार बाजार में मोबाइल दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश, पुलिस पेट्रोलिंग से टली चोरी
करेली सोमवार बाजार में मोबाइल दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश, पुलिस पेट्रोलिंग से टली चोरी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, दुकानदारों में चिंता।

संवाददाता पूजा मालवीय
करेली।
करेली के व्यस्त सोमवार बाजार क्षेत्र में देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। सोमवार तड़के लगभग रात 3:45 बजे, अज्ञात चोरों ने बर्मा मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए दुकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर तैनात पुलिस की मौजूदगी के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद से सोमवार बाजार क्षेत्र के दुकानदारों में चिंता का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों ने रात्रि में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।







