दीपावली पर नहीं लगेगा अस्थायी दखल शुल्क! नगर पालिका परिषद करेली का बड़ा फैसला — छोटे व्यापारियों में खुशी की लहर
करेली नगर पालिका परिषद का बड़ा फैसला — दीपावली पर छोटी दुकानों से नहीं लिया जाएगा अस्थायी दखल शुल्क, स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर।

संवाददाता पूजा मालवीय
Kareli News (Narsinghpur): दीपावली उत्सव पर नगर पालिका परिषद करेली ने एक महत्वपूर्ण और जनहितैषी निर्णय लिया है। अब धनतेरस से लेकर भाईदूज तक लगने वाली छोटी अस्थायी दुकानों से कोई अस्थायी दखल शुल्क (Temporary Encroachment Fee) नहीं वसूला जाएगा।
यह निर्णय स्थानीय कारीगरों, मिट्टी के दीये, मूर्तियां, झाड़ू, रंगोली, सजावट सामग्री बेचने वाले छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
नगर पालिका परिषद की विशेष बैठक में हुआ निर्णय
विगत दिवस नगर पालिका परिषद करेली की विशेष बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला ममार, उपाध्यक्ष अनीता नेमा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीकांत पाटर, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया कि त्योहारों के दौरान छोटी दुकानों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहन मिल सके।

स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा बड़ा फायदा
हर साल दीपावली से पहले सड़कों और गलियों में मिट्टी से बने दीये, मूर्तियां, झाड़ू, रंगोली सामग्री, सजावटी सामान बेचने वाले छोटे दुकानदार अपनी दुकानें लगाते हैं।
इस बार शुल्क माफी से उनकी कमाई में बढ़ोतरी होगी और दीपावली उत्सव की रौनक और बढ़ेगी।
‘लोकल फॉर वोकल’ को मिलेगा बल
नगर पालिका का यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ मंत्र को भी मजबूती प्रदान करता है।
स्थानीय स्तर पर उत्पादित वस्तुओं को बढ़ावा देकर स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है।
आमजन में खुशी की लहर
इस निर्णय के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पालिका परिषद का आभार जताया है।
त्योहार के समय बिना अतिरिक्त शुल्क के दुकानें लगाने की छूट मिलने से शहर की अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।







