गाडरवारा में कांग्रेस और किसानों का तहसील घेराव, 100% MSP पर मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने की मांग
गाडरवारा में कांग्रेस और किसान कांग्रेस ने तहसील कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने 100% MSP पर मूंग खरीदी, खाद की ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने सहित कई मांगें उठाईं।

गाडरवारा (नरसिंहपुर)। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों और कार्यकर्ताओं ने कृषि उपज मंडी से विशाल रैली निकालकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए समर्थन मूल्य (MSP) पर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करने, खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था समाप्त कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने सहित कई मांगें उठाईं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष संतोष पटेल तथा युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार विशेष रूप से शामिल हुए। रैली में शामिल कांग्रेस नेताओं और किसानों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसे किसान विरोधी सरकार बताया।
कृषि उपज मंडी से तहसील तक निकाली रैली
आंदोलन की शुरुआत कृषि उपज मंडी परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद सभी ने पैदल मार्च करते हुए तहसील कार्यालय तक रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।
तहसील कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें
किसान कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरकार मूंग की खरीदी को लेकर गंभीर नहीं है। जबकि मूंग प्रदेश के लाखों किसानों की प्रमुख नगदी फसल है। किसानों ने मांग की कि—
- प्रदेश के सभी पंजीकृत किसानों की 100 प्रतिशत मूंग की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित की जाए।
- खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था तत्काल समाप्त कर पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
- किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का भी शीघ्र समाधान किया जाए।
भाजपा सरकार पर लगाए वादाखिलाफी के आरोप
सभा को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले किसानों और प्रदेश की जनता से कई वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों और आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा जनता अब इसे समझ चुकी है।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस पदाधिकारी एवं किसान
आंदोलन में संगठन मंत्री दीवान शैलेंद्र पटेल, पूर्व विधायक दीनदयाल ढिमोले, मैथिली शरण तिवारी, लाखन पटेल, गौतम पटेल, मनीष राय, अरविंद पटेल, कपिल ठाकुर, प्रियंका चांदनी दीक्षित, जिनेश जैन, दिग्विजय सिंह पटेल, छोटे राजा कौरव, लखन पटेल, गिरजा शंकर कौरव, सतीश सैनी, राजीव दुबे, संगीता जायसवाल, मनीष कौरव, डॉली सिंघई, बसंत तपा, बंटू गुप्ता, अवधेश रूसिया, जितेंद्र विल्थरे, सत्यनारायण कौरव, के.के. गुर्जर, संजय कौरव, अभिषेक पटेल, राजदीप दुबे, यश राय, भूपेंद्र कौरव, हजारीलाल ममार, सुनील दुबे, सत्यव्रत कौरव सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







