मध्य प्रदेश

अक्षय तृतीया पर सामूहिक विवाह सम्मेलन: 28 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने दिया आशीर्वाद

नरसिंहपुर के सालीचौका में अक्षय तृतीया पर लोधी समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 28 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश दिया।

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका (नरसिंहपुर)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर लोधी क्षत्रीय समाज द्वारा आयोजित आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन में 28 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। यह आयोजन रानी अवंती बाई क्षत्रीय समिति सालीचौका द्वारा शिव मंदिर पोडार तिराहा पर आयोजित किया गया, जो पिछले 18 वर्षों से लगातार किया जा रहा है।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में जालम सिंह पटेल (पूर्व राज्य मंत्री) उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल (गुड्डू भैया) सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं वरिष्ठजन भी शामिल हुए। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जालम सिंह पटेल ने कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 28 नव दंपतियों का विवाह होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने समाज में फैली दहेज प्रथा और नशे जैसी कुरीतियों को खत्म करने का भी आह्वान किया तथा नवदंपतियों को नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाने की बात कही।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करना और कम खर्च में विवाह संपन्न कर परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में अतिथियों को रानी अवंती बाई स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा नवदंपतियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

मेधावी छात्राओं का सम्मान, टॉपर्स को मिली इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का भी सम्मान किया गया। समाजसेवी अशोक सिलोकिया द्वारा हाई स्कूल परीक्षा में प्रदेश मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी भेंट की गई।

  • अशिंका लोधी (98.4%) – प्रदेश में 8वां स्थान
  • शिल्पा पटेल (98.4%) – प्रदेश में 10वां स्थान

इसके अलावा गरिमा लोधी, माही वर्मा और तनिष्का वर्मा को ₹1100 की राशि एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। मंच से सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के प्रयासों से यह कार्यक्रम भव्य एवं सफल रहा, जिसने समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!