नर्मदापुरम में लिव-इन पार्टनर की चाकू मारकर हत्या, 28 घंटे जिंदगी की जंग लड़ने के बाद महिला की मौत, आरोपी फरार
नर्मदापुरम के मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी में लिव-इन पार्टनर ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। 28 घंटे इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। आरोपी गणपत चौरे फरार, पुलिस तलाश में जुटी।

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
नर्मदापुरम। शहर के मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने लगभग 28 घंटे तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
विवाद के बाद चाकू से किए कई वार
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 38 वर्षीय आशा यादव पत्नी मांगीलाल यादव के रूप में हुई है। वह आरोपी गणपत चौरे के साथ किराए के मकान में रह रही थी। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे नंदविहार क्षेत्र में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए गणपत चौरे ने आशा यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के पेट और सीने के निचले हिस्से पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बच्चियों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास मौजूद कुछ बच्चियों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने महिला के प्रारंभिक बयान के आधार पर आरोपी गणपत चौरे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बिगड़ी हालत
जिला अस्पताल के डॉक्टर उदित भट्ट ने बताया कि महिला के पेट और सीने पर चाकू के तीन गहरे घाव थे तथा अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन उसके साथ कोई परिजन या अटेंडर मौजूद नहीं था।
अटेंडर नहीं मिलने के कारण महिला को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती रखा गया, जहां लगातार इलाज चलता रहा। लगभग 28 घंटे तक जिंदगी से संघर्ष करने के बाद गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।
पुलिस पहुंची किराए के मकान, मिला ताला
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की टीम लाइफ स्टाइल कॉलोनी स्थित किराए के मकान पर जांच के लिए पहुंची। वहां मकान पर ताला लगा मिला।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के अगले दिन पड़ोस में रहने वाली एक महिला किराएदार भी अपना कमरा खाली कर अचानक कहीं चली गई। पुलिस उससे जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी गणपत चौरे फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। वहीं मृतका आशा यादव के परिजनों का पता लगाने का भी प्रयास किया जा रहा है ताकि उन्हें घटना की सूचना दी जा सके।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। महिला की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।







