मध्य प्रदेश

सलकनपुर में 24 से 26 अक्टूबर तक होगा शरद पूर्णिमा महोत्सव, विराट कवि सम्मेलन रहेगा आकर्षण का केंद्र

समर्पण सेवा समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय आयोजन; जैविक कृषि पुरस्कार, उत्कृष्ट नर्मदा सेवा सम्मान, संत प्रवचन और विशाल भंडारे का होगा आयोजन

सलकनपुर। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सलकनपुर स्थित उत्तम सेवाधाम आश्रम में समर्पण सेवा समिति, सलकनपुर के तत्वावधान में तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन, नर्मदा परिक्रमावासियों एवं भक्तों का सम्मेलन, जैविक कृषि पुरस्कार वितरण, उत्कृष्ट नर्मदा सेवा सम्मान समारोह, संत प्रवचन और विशाल भंडारा शामिल हैं।

समिति की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार, यह आयोजन परम पूजनीय अवधूत महायोगी दादा गुरुजी, संत श्री नर्मदानंद बाबाजी महाराज ओंकारेश्वर तथा श्री महंत सम्पूर्णानंद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।

24 अक्टूबर को वार्षिक उत्सव से होगा शुभारंभ

महोत्सव के प्रथम दिन 24 अक्टूबर को महर्षि उत्तम विद्यापीठ, सलकनपुर का वार्षिक उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा।

25 अक्टूबर को विराट कवि सम्मेलन

महोत्सव के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नर्मदा परिक्रमावासियों एवं नर्मदा भक्तों का सम्मेलन होगा। इसके बाद शाम 4 बजे सलकनपुर कृषि महाविद्यालय में छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

रात्रि 9 बजे से अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन शुरू होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध हास्य, वीर रस और राष्ट्रवादी काव्यधारा के कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

कवि सम्मेलन में देवास के श्री शशिकांत शशि, नई दिल्ली की सुश्री प्रियंका राय, बेरछा के श्री दिनेश देसी घी, श्रीधाम के श्री सुमित ओरछा, इंदौर के श्री रोहित झनाट तथा मांडव के श्री पंकज प्रसून शामिल होंगे। कार्यक्रम का सूत्रधार श्री शशिकांत शशि, देवास रहेंगे।

26 अक्टूबर को जैविक कृषि पुरस्कार और नर्मदा सेवा सम्मान

महोत्सव के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को स्वर्गीय प्रभाकर राव केलकर स्मृति में गौवंश आधारित जैविक कृषि पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही स्वर्गीय भागवत शरण माथुर स्मृति में उत्कृष्ट नर्मदा सेवा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम में संतों के प्रवचन एवं अतिथि उद्बोधन के बाद दोपहर 1:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

अनेक विशिष्ट अतिथि और संत-महात्मा होंगे शामिल

आयोजन की अध्यक्षता पंजाब, हरियाणा एवं त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल श्री कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अतिरिक्त दिगंबर अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य महामंडलेश्वर रामभूषण दास महाराज, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के महामंडलेश्वर स्वामी सत्यप्रेयानंद गिरि जी महाराज, अंतरराष्ट्रीय मंत्री श्री पंच अग्नि अखाड़ा के महंत नीलेश चैतन्य जी, आचार्य गौरव दास जी महाराज तथा श्री श्री 1008 पगलानंद जी महाराज सहित अनेक संतों का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

समर्पण सेवा समिति ने श्रद्धालुओं, नर्मदा भक्तों, किसानों, साहित्य प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से तीन दिवसीय महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने की अपील की है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ नर्मदा सेवा, जैविक कृषि और भारतीय साहित्यिक परंपरा को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम स्थल: श्री सलकनपुर आश्रम, सलकनपुर, तहसील रेहटी, जिला सीहोर (मध्यप्रदेश)।

आयोजन तिथि: 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!