झकनावदा में महाकाल मित्र मंडल और बजरंग दल ने किया विशाल रावण दहन, शस्त्र पूजन भी संपन्न
बाबा भूतेश्वर मंदिर परिसर में उमड़ी आसपास के गांवों के दर्शकों की भीड़, बाल स्वरूप राम-लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी के श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

जनता एक्सप्रेस लाइव | रमेश कुमार सोलंकी
झकनावदा/पेटलावद। दशहरा पर्व के अवसर पर झकनावदा में महाकाल मित्र मंडल एवं बजरंग दल के सदस्यों द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी बाबा भूतेश्वर मंदिर परिसर में विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया गया। धार्मिक उत्साह और उल्लास के बीच आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
रावण दहन से पहले आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो गया। रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाल स्वरूप भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवदुर्गा समिति ने आयोजन समिति का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान नवदुर्गा समिति के सदस्यों ने रावण दहन आयोजन समिति के सदस्यों का गले में दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। साथ ही बाल स्वरूप भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी महाराज का स्वागत कर उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महाकाल मित्र मंडल, बजरंग दल और पुलिस ने किया शस्त्र पूजन
दशहरा पर्व के अवसर पर महाकाल मित्र मंडल, बजरंग दल तथा झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया ने पुलिस स्टाफ के साथ विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। दशहरे पर शस्त्र पूजन की परंपरा को धार्मिक आस्था और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में मनाया गया।
आयोजन समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति ने चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया, पुलिस स्टाफ तथा बाहर से आए सभी दर्शकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। महाकाल मित्र मंडल एवं बजरंग दल के सदस्यों के सहयोग से दशहरा पर्व का आयोजन उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।







