सलकनपुर धाम में भक्तों ने चढ़ाया निशान, मां विजयासन के जयकारों से गूंजा दरबार
ग्राम कामती के मरई माता दरबार से निकली चतुर्थ वर्ष की निशान यात्रा, दादा गुरु भगवान के सानिध्य में हुआ पूजन-अर्चन, महाआरती और भंडारे का आयोजन

गाडरवारा। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ ग्राम कामती स्थित मरई माता दरबार से मां विजयासन मैया, सलकनपुर धाम तक निकाली गई चतुर्थ वर्ष की पावन निशान यात्रा देवी मां के जयकारों के बीच संपन्न हुई। श्री दादा गुरु भगवान जी के पावन सानिध्य में मां की कृपा और आशीर्वाद की कामना के साथ श्रद्धालु निशान लेकर सलकनपुर धाम पहुंचे और माता रानी के चरणों में निशान अर्पित किया।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल निशान लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे और भक्तिमय वातावरण बना रहा। सलकनपुर धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने मां विजयासन के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तों के लिए रात्रि विश्राम और भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।
विधि-विधान से पूजन, महाआरती के बाद चढ़ाया निशान
यात्रा के अगले दिन प्रातः स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने माता रानी का पूजन-अर्चन किया। विधि-विधान से महाआरती संपन्न होने के बाद मां विजयासन के दरबार में निशान चढ़ाया गया। इसके पश्चात भोजन प्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की और पुण्य लाभ अर्जित किया।
मरई माता दरबार समिति ने कराया देवी जागरण
सलकनपुर स्थित देवी मां परिसर में मरई माता दरबार समिति द्वारा देवी जागरण का आयोजन भी कराया गया। इस दौरान भक्तों ने भजनों और माता रानी की स्तुति के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
मां की भक्ति से मिलती है सुख-शांति और समृद्धि : दादा गुरु जी
इस अवसर पर मां नर्मदा के उपासक श्री दादा गुरु जी ने अपने संदेश में कहा कि मां की भक्ति से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। जो भक्त सच्चे मन से माता रानी की आराधना करता है, उसे मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि इस पावन निशान यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म और मातृभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, भक्ति और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ते हैं।
यात्रा के सफल आयोजन पर मरई माता दरबार समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और आयोजन में सहभागी भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनता एक्सप्रेस लाइव पोर्टल | गाडरवारा, नरसिंहपुर







