राजनीति

NTPC डंपरों के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, SDM को ज्ञापन… एक हफ्ते का अल्टीमेटम

गाडरवारा। एनटीपीसी डंपरों से लगातार हो रही दुर्घटनाओं और जनहानि के खिलाफ सोमवार को गाडरवारा में कांग्रेस परिवार ने मोर्चा खोल दिया। पलोटन गंज से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर अनुविभागीय दंडाधिकारी के ना होने पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया और एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

28 अप्रैल 2026, शाम 5 बजे आयोजित इस विरोध-प्रदर्शन में जिला सदस्य, जनपद सदस्य, पार्षद, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस और राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

इस दौरान डॉ. मोना कौरव, प्रदेश अध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के नेतृत्व में एसडीएम के ना होने पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर एनटीपीसी प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई।

डंपरों का संचालन सिर्फ रात में हो

ज्ञापन में मांग की गई कि एनटीपीसी राखड़ डंपरों का संचालन केवल रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक सीमित किया जाए, ताकि दिन के समय हादसों पर रोक लग सके और आम लोगों को राहत मिले।

ज्ञापन में कहा गया कि भारी डंपरों की वजह से क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है।

चीचली ओवरब्रिज तत्काल शुरू करने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने नवनिर्मित चीचली ओवरब्रिज को तत्काल शुरू करने की मांग उठाई, ताकि रेलवे गेट के पास रोज बनने वाले जाम से निजात मिल सके।

कांच मंदिर क्षेत्र में डंपरों पर नियंत्रण की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि कांच मंदिर के पास खड़े डंपर जाम और दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं। इनके सुचारू संचालन के लिए ठोस व्यवस्था बनाने और भारी वाहनों में लगी अतिरिक्त सफेद लाइटों पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई।

मृतकों के परिवारों को नौकरी और मुआवजा देने की मांग

ज्ञापन में हाल ही में डंपर दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले निखित ताम्रकार और लीलाधर अहिरवार उर्फ नीलू के परिवारों को सरकारी सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की गई।

इसके साथ ग्राम कामती के अन्य दो दुर्घटना पीड़ितों को भी आर्थिक सहायता और रोजगार देने की मांग उठी।

एक हफ्ते में कार्रवाई नहीं तो बड़ा आंदोलन

ज्ञापन में प्रशासन को साफ चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार हो रहे हादसों के बाद अब सिर्फ आश्वासन नहीं, ठोस समाधान चाहिए।

डंपरों के खिलाफ अब जनआक्रोश खुलकर सामने

हालिया सड़क हादसों के बाद गाडरवारा में डंपरों के खिलाफ जनता का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है और अब यह मुद्दा राजनीतिक रूप भी लेता दिख रहा है।

“अब हादसे नहीं, समाधान चाहिए”—यही संदेश ज्ञापन के जरिए प्रशासन तक पहुंचाया गया।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!