आयोग अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव का गाडरवारा में भव्य स्वागत
अजाक्स ने सौंपा मांग-पत्र, छात्रवृत्ति में देरी और परीक्षा शुल्क में छूट का मुद्दा उठाया

गाडरवारा। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. कैलाश जाटव के प्रथम नगर आगमन पर गाडरवारा में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। स्थानीय तालाब परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में मध्यप्रदेश अजाक्स जिला नरसिंहपुर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने डॉ. जाटव का पुष्पहार पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान अजाक्स पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों से आयोग अध्यक्ष को अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए इसके शीघ्र निराकरण की मांग रखी। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क में छूट प्रदान किए जाने की मांग को लेकर विस्तृत मांग-पत्र डॉ. कैलाश जाटव को सौंपा गया।
शासन स्तर पर मांगें रखने का दिया आश्वासन
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि सामाजिक उत्थान और समाज सुधार के लिए सभी को संगठित होकर मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए समाज के प्रबुद्धजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
डॉ. जाटव ने छात्रवृत्ति में देरी एवं परीक्षा शुल्क से संबंधित मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इन विषयों को शासन स्तर पर प्रमुखता से रखा जाएगा तथा समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सामाजिक एकता और समरसता का दिया संदेश
कार्यक्रम में सामाजिक एकता, समरसता और संगठन की भूमिका पर भी वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक हितों से जुड़े विषयों को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश अजाक्स जिला नरसिंहपुर के जिलाध्यक्ष बंसीलाल अहिरवार, सह संरक्षक मलखान सिंह मेहरा, टी.आर. कोरी, तहसील अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर, जिला प्रवक्ता मानक लाल अहिरवार (मनु), समाजसेवी एवं जिलाध्यक्ष (राजनीति प्रकोष्ठ) प्रीतम अहिरवार, जिला सचिव देवेंद्र पगारे, प्रेम कुमार कोरी, छिदामी लाल कुमरे (बाबूजी), तहसील कोषाध्यक्ष राजू ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष अहिरवार, तहसील प्रवक्ता बलिराम अहिरवार, हरीश मेहरा, लक्ष्मण प्रसाद नागवंशी, राजेश अहिरवार, राजा अहिरवार सहित बड़ी संख्या में अजाक्स पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कैलाश जाटव के नगर आगमन को लेकर सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।






