मध्य प्रदेशशिक्षा/नौकरी

सालीचौका कॉलेज में प्रवेश अभियान तेज: विद्यार्थियों-पालकों से संपर्क, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका, नरसिंहपुर। शासकीय नवीन महाविद्यालय सालीचौका में सत्र 2026-27 प्रवेश को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों और पालकों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।

वर्ष 2023 में स्थापित शासकीय नवीन महाविद्यालय सालीचौका, वर्तमान में शासकीय बालक विद्यालय परिसर में संचालित हो रहा है, जहां कला, विज्ञान एवं वाणिज्य तीनों संकायों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है।

प्रवेश के लिए चलाया जा रहा विशेष संपर्क अभियान

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दर्शन सिंह किरार, विधायक प्रतिनिधि पराग तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी जितेंद्र राय तथा जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठजनों की टीम द्वारा क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में लगातार भ्रमण किया जा रहा है।

इस दौरान शासकीय कन्या विद्यालय सालीचौका, बसूरिया, पचामा, सहावन सहित कई विद्यालयों में पहुंचकर 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और पाठ्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।

मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालीचौका में 12वीं परीक्षा में तीनों संकायों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय परिवार द्वारा प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा और उच्च शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाएगा।

उच्च शिक्षा से जोड़ने का प्रयास

महाविद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के अधिकाधिक विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रवेश जागरूकता अभियान को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बन रहा है।

सालीचौका महाविद्यालय का यह प्रयास शिक्षा के विस्तार और प्रतिभाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!