मध्य प्रदेश

गाडरवारा में गौ सम्मान आह्वान अभियान: गौ भक्तों ने वेद लक्षणा गौ माता के नेतृत्व में सौंपा प्रार्थना पत्र, केंद्रीय कानून बनाने की उठी मांग

गाडरवारा। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गाडरवारा में आज गौ भक्तों ने वेद लक्षणा गौ माता के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपकर देशी गोवंश की सुरक्षा, सेवा और राष्ट्रीय सम्मान के लिए केंद्रीय कानून बनाने की मांग उठाई।

कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंदिर में गौ माता पूजन और धेनु चालीसा पाठ के साथ हुई। इसके बाद गौ भक्तों ने गो माता को आगे रखकर भक्ति और आस्था के साथ रैली स्वरूप एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा।

‘गौमाता को मिले राष्ट्रीय सम्मान’ की उठी मांग

प्रार्थना पत्र के माध्यम से अखिल वेदलक्षणा गोमाता (सम्पूर्ण देशी गोवंश) की विधिवत सेवा, पूर्ण सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान देने हेतु केंद्र सरकार से विशेष कानून बनाने तथा केंद्रीय गो पालन मंत्रालय की स्थापना की मांग की गई।

गौ भक्तों ने कहा कि गौवंश केवल आस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक कृषि की आधारशिला है। उन्होंने गो संरक्षण को राष्ट्रीय विषय बताते हुए इसे संवैधानिक संरक्षण देने की मांग रखी।

प्रार्थना पत्र में उठी प्रमुख मांगें

  • केंद्रीय गौ सेवा एवं संरक्षण कानून लागू किया जाए
  • स्वतंत्र केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन हो
  • देशी गौवंश को “राष्ट्रमाता” का दर्जा मिले
  • गौ तस्करी और गोवध पर कठोर दंड कानून बने
  • पंचगव्य आधारित गव्य अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जाए
  • हर पंचायत में नंदीशाला और हर जिले में आदर्श गौ अभ्यारण्य स्थापित हों
  • राजमार्गों पर गौ एम्बुलेंस और ट्रॉमा सेंटर बनाए जाएं
  • स्कूली पाठ्यक्रम में गौ विज्ञान शामिल किया जाए
  • गौचर भूमि और चारा संरक्षण के लिए विशेष नीति बने

मोदी सरकार से सांस्कृतिक पुनरुत्थान की अपेक्षा

प्रार्थना पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक पुनर्जागरण के कार्यों की सराहना करते हुए गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान देने को “सांस्कृतिक पुनरुत्थान की पूर्णाहुति” बताया गया।

गौ भक्तों ने कहा कि अब समय आ गया है कि गौवंश संरक्षण को केवल धार्मिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय, कृषि, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषय के रूप में देखा जाए।

बड़ी संख्या में पहुंचे गौ भक्त

प्रार्थना पत्र सौंपने के दौरान गौ संत, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, मातृशक्ति, युवा और बड़ी संख्या में गौ भक्त उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और गो संरक्षण के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।

गाडरवारा से उठी यह आवाज अब राष्ट्रीय स्तर पर गौ सम्मान की मांग को नया स्वर दे रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!