ITI गाडरवारा में कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन, रेलवे में चयनित शाहरुख खान का हुआ विशेष सम्मान
छह ट्रेडों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रशिक्षणार्थियों को NTC प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर किया सम्मानित; प्राचार्य बोले—कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम

गाडरवारा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) गाडरवारा में विगत दिवस कौशल दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। संस्थान के प्राचार्य एम.जी. घोरमारे एवं प्रशिक्षण अधीक्षक अशोक कुमार ऊइके के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में संस्थान के सभी छह ट्रेडों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली प्रशिक्षणार्थियों को नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) प्रमाण पत्र एवं आकर्षक मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रेलवे में चयनित शाहरुख खान का विशेष सम्मान
समारोह का विशेष आकर्षण वेल्डर ट्रेड के प्रशिक्षणार्थी शाहरुख खान रहे, जिनका भारतीय रेलवे में ग्रुप-डी पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य एम.जी. घोरमारे एवं वेल्डर ट्रेड के प्रशिक्षण अधिकारी तुकाराम परतेती ने विशेष रूप से सम्मानित किया। शाहरुख की सफलता को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उपस्थितजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मेहनत और सही मार्गदर्शन से मिलती है सफलता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के प्राचार्य एम.जी. घोरमारे ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शाहरुख खान की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता संस्थान के अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि राव राजेन्द्र प्रताप सिंह, विकास समिति के देवेंद्र पटैल, सांसद प्रतिनिधि प्रयांशु श्रीवास्तव, अरविंद कौरव एवं पूर्व प्राचार्य आर.के. तिनगुरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में संस्थान के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षण अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी ने छोले-भटूरे, पुलाव एवं गुलाब जामुन के सहभोज का आनंद लिया।
आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशिक्षण अधिकारी श्रीमती संध्या सोनी ने किया। वहीं आयोजन की व्यवस्थाओं में प्रशिक्षण अधिकारी नीलेश दीक्षित, परशराम ठाकुर, पुष्पराज पटेल, राकेश कुमार कौरव, सुनीता कोरी एवं तुकाराम परतेती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, युवाओं की उपलब्धियों का उत्सव और कौशल विकास के प्रति उत्साह का वातावरण देखने को मिला।







