गाडरवारा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनेगा भगवान श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्म महोत्सव
23 नवंबर को शासकीय कन्या नवीन विद्यालय पलोटनगंज में होगा भव्य आयोजन, ओंकारम, वेदपाठ, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय होगी संध्या

गाडरवारा। भगवान श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्म महोत्सव नगर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्री सत्य साई सेवा समिति द्वारा सोमवार, 23 नवंबर को शासकीय कन्या नवीन विद्यालय, पलोटनगंज में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समिति द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या 5:30 बजे ओंकारम, दीप प्रज्ज्वलन एवं वेदपाठ के साथ होगा। इसके पश्चात भजन-कीर्तन, अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन एवं समिति का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन में बाल विकास के बच्चों द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।
कार्यक्रम का समापन रात्रि 8:30 बजे महामंगल आरती के साथ होगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को विभूति प्रसाद वितरित किया जाएगा।
श्री सत्य साई सेवा समिति के संयोजक गजराज अधरुज ने नगर के समस्त नागरिकों, मातृशक्ति एवं साई भक्तों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री सत्य साई बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने की अपील की है।







