17 नवंबर को गाडरवारा में सजेगी संगीत की महफिल, सचेत-परंपरा की जोड़ी बिखेरेगी सुरों का जादू
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर होगा भव्य सांस्कृतिक आयोजन, रुद्र मैदान में क्रिकेट के रोमांच के बाद गूंजेंगे देश के लोकप्रिय गायक जोड़ी के गीत

गाडरवारा। ओशो की धरा गाडरवारा में आगामी 17 नवंबर को खेल और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के भव्य समापन अवसर पर देश की सुप्रसिद्ध गायिका-संगीतकार जोड़ी सचेत-परंपरा अपनी शानदार प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेगी। रुद्र मैदान, गाडरवारा में आयोजित होने वाली इस सांस्कृतिक संध्या को लेकर क्षेत्रवासियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दिन में क्रिकेट का रोमांच, शाम को संगीत की सुरमयी शाम
17 नवंबर को रुद्र मैदान में दिनभर राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का रोमांच रहेगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सचेत-परंपरा की जोड़ी अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से समां बांधेगी।
खेल आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी खास पहचान
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से क्षेत्र में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के समापन समारोहों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। इससे पहले कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सुप्रसिद्ध कवि विश्वास की प्रस्तुति और वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन पर सिने गायक कैलाश खेर की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया था। इसी कड़ी में इस वर्ष सचेत-परंपरा की संगीत संध्या आयोजन को यादगार बनाने जा रही है।
युवाओं को खेल और संस्कृति से जोड़ने की पहल
इस आयोजन का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को कला, संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ना भी है। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और आधुनिक संगीत का खूबसूरत संगम देखने को मिलेगा। सचेत-परंपरा के लोकप्रिय गीतों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।
रुद्र मैदान में तैयारियां, सुरक्षा और पार्किंग पर रहेगा जोर
आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए रुद्र मैदान को आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारी की जा रही है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने, सुरक्षा और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, युवाओं और संगीत प्रेमियों से अपील की है कि वे 17 नवंबर को रुद्र मैदान पहुंचकर 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह और सचेत-परंपरा की सुरमयी संगीत संध्या का आनंद लें।







