भाई दूज मड़ई में लोकसंस्कृति का उत्सव, सुनीता पटेल ने मेधावी विद्यार्थियों और ग्वालों का किया सम्मान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल ने कार्यक्रम में की सहभागिता, विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से की मुलाकात

गोटेगांव। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेलखेड़ी (शेर) में भाई दूज के अवसर पर मड़ई एवं ग्वाल नृत्य-गायन प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी नरसिंहपुर की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल विशेष रूप से उपस्थित हुईं।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता पटेल ने ग्राम के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इन विद्यार्थियों ने कक्षा 5वीं, 8वीं एवं 10वीं की परीक्षाओं में अपने-अपने वर्ग में ग्राम में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इसके साथ ही ग्वाल नृत्य-गायन प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी ग्वालों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में नरसिंहपुर विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री लाखन पटेल, जिला पंचायत की पूर्व सदस्य श्रीमती मीना शाह, जिला पंचायत सदस्य एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरविंद पटेल, ब्लॉक कांग्रेस चीचली के श्री गिरजाशंकर पगुआ, श्री हजारी लाल ममार, जिला युवा कांग्रेस महासचिव श्री भूपेंद्र कौरव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

विभिन्न गांवों में किया जनसंपर्क, ग्रामीणों से की मुलाकात
बेलखेड़ी (शेर) में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता के पश्चात जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने क्षेत्र में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने खानापुर में श्री प्रदीप पटेल के निवास पर पहुंचकर मुलाकात की।
इसके बाद ग्राम बेदू-बरहेटा में जिला पंचायत की पूर्व सदस्य श्रीमती मीना शाह के निवास पर, गाडरवारा (खेड़ा) में राय परिवार, मुगवानी में राजौरिया परिवार तथा ग्राम पसताना में प्रजापति परिवार के निवास पर पहुंचकर लोगों से आत्मीय भेंट की और क्षेत्र के लोगों से संवाद किया।
भाई दूज मड़ई एवं ग्वाल नृत्य-गायन प्रतियोगिता के माध्यम से जहां ग्रामीण अंचल की पारंपरिक लोकसंस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला, वहीं मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतियोगियों का सम्मान कर उनके प्रयासों की सराहना भी की गई।







