मध्य प्रदेश

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक पहुंचीं सालीचौका की वर्षों पुरानी रेल समस्याएं, सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने रखीं मांगें

रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, बंद आरक्षण खिड़की शुरू करने और प्लेटफार्म के आधुनिकीकरण की उठी मांग, गाडरवारा स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज व यात्री सुविधाओं का मुद्दा भी गूंजा

गाडरवारा। सालीचौका रेलवे स्टेशन सहित क्षेत्र की वर्षों से लंबित रेल समस्याओं के निराकरण की मांग अब सीधे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक पहुंच गई है। नर्मदापुरम-नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल में सालीचौका क्षेत्र की ओर से समाजसेवी उमेश पाली भी शामिल रहे। उन्होंने रेल मंत्री के समक्ष मौखिक एवं लिखित रूप से सालीचौका रेलवे स्टेशन की बदहाल सुविधाओं और लंबित मांगों को रखा।

सालीचौका स्टेशन के आधुनिकीकरण की उठी मांग

प्रतिनिधिमंडल ने सालीचौका रेलवे स्टेशन पर वर्षों पुरानी पत्थर की फर्शियों को हटाकर आधुनिक प्लेटफार्म बनाने, लंबे समय से बंद पड़ी आरक्षण खिड़की को दोबारा शुरू करने और वर्षों से स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने की मांग की।

इसके साथ ही सालीचौका क्षेत्र को भोपाल से सीधे जोड़ने के लिए उपयुक्त ट्रेनों के संचालन और रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सालीचौका रेलवे स्टेशन हजारों यात्रियों के आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन यहां आज भी बुनियादी यात्री सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। पुराना प्लेटफार्म और बंद आरक्षण खिड़की यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।

गाडरवारा स्टेशन पर स्टॉपेज और सुविधाओं का मुद्दा भी उठा

दिल्ली में लगभग एक घंटे चली इस बैठक में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सालीचौका के साथ पिपरिया, सोहागपुर, बनखेड़ी सहित मध्यप्रदेश के अन्य रेलवे स्टेशनों की समस्याओं और रेल सेवाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दे भी रखे।

इसी दौरान भाजपा नेता मोहंकात गुर्जर ने गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने तथा प्लेटफार्म पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग रेल मंत्री के सामने रखी।

रेल मंत्री ने दिया प्राथमिकता से विचार का आश्वासन

बैठक के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और सभी विषयों पर प्राथमिकता के साथ विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस मुलाकात को सालीचौका और आसपास के क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे ओवरब्रिज, आरक्षण सुविधा की बहाली, प्लेटफार्म का आधुनिकीकरण और भोपाल से सीधी रेल कनेक्टिविटी जैसे मुद्दे लंबे समय से उठाए जा रहे हैं। अब इन मांगों के केंद्रीय रेल मंत्री तक पहुंचने से क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ी हैं।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और रेल मंत्री तक पहुंचाने के लिए सांसद दर्शन सिंह चौधरी के प्रति आभार जताया।

अब आश्वासन नहीं, धरातल पर काम की उम्मीद

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि दिल्ली में हुई इस मुलाकात का परिणाम केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सालीचौका रेलवे स्टेशन की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे। अब निगाहें रेलवे और संबंधित विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!