मध्य प्रदेश

गाडरवारा में नगर पालिका का वसूली अभियान तेज, कामथ कॉम्प्लेक्स से वसूले 1.50 लाख रुपये

इंदिरा कॉम्प्लेक्स के बाद अब कामथ कॉम्प्लेक्स में कार्रवाई, बकाया किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों पर नगर पालिका सख्त

गाडरवारा। नगर पालिका परिषद गाडरवारा ने बकायादार दुकानदारों से किराया वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रितु मेहरा के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व विभाग की टीम ने कामथ कॉम्प्लेक्स में कार्रवाई करते हुए 1 लाख 50 हजार रुपये की वसूली की। नगर पालिका की इस कार्रवाई से लंबे समय से दुकानों का किराया जमा नहीं करने वाले बकायादारों में हलचल है।

इंदिरा कॉम्प्लेक्स में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

नगर पालिका द्वारा इससे पहले इंदिरा कॉम्प्लेक्स में भी बकायादार दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी। सहायक यंत्री सत्यम जाट के नेतृत्व में राजस्व उप निरीक्षक अमित कोष्टी, शहजाद बक्स, सहायक राजस्व निरीक्षक राकेश पटेल और आनंद कौरव की संयुक्त टीम ने बकाया किराया जमा नहीं करने वाली दुकानों पर तालाबंदी की थी। इस कार्रवाई के दौरान नगर पालिका ने 5 लाख 50 हजार रुपये की वसूली की थी।

वर्षों से जमा नहीं हो रहा था दुकानों का किराया

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, कई दुकानदार लंबे समय से दुकानों का किराया जमा नहीं कर रहे थे। इससे परिषद के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। बकाया राशि जमा करने के लिए बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

वसूली अभियान के दौरान राजस्व विभाग की टीम दुकानदारों को बकाया राशि जमा करने की समझाइश भी दे रही है। नगर पालिका का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित करना और दुकानों के किराया भुगतान में नियमितता लाना है।

सीएमओ रितु मेहरा की बकायादारों से अपील

मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा ने स्पष्ट किया कि नगर में बकाया वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी बकायादार दुकानदारों से अपील की है कि वे समय पर अपना बकाया किराया नगर पालिका कार्यालय में जमा कर दें, ताकि तालाबंदी जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।

नगर पालिका की लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब बकाया किराया वसूली को लेकर परिषद सख्त रुख अपना रही है। ऐसे में बकायादार दुकानदारों के लिए समय रहते भुगतान करना जरूरी हो गया है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!