क्राइममध्य प्रदेश

बनखेड़ी में लाखों की चोरी का खुलासा: 10 लाख के सोने के जेवर बरामद, चीचली से दो आरोपी गिरफ्तार

50 से अधिक CCTV कैमरों की चार दिन की फुटेज बनी पुलिस के लिए अहम कड़ी, चीचली के दो आरोपियों तक पहुंची पुलिस

बनखेड़ी। नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी की बोहरा कॉलोनी में एक मकान से हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पांचवें दिन खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में चिचली निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। चोरी की इस वारदात को सुलझाने में बनखेड़ी नगर में नागरिकों के सहयोग से लगाए गए 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुई।

माताजी के निधन पर परिवार सहित गए थे गाड़रवारा

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को बोहरा कॉलोनी बनखेड़ी निवासी विजय सोनी ने थाना बनखेड़ी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उनकी माताजी के निधन के कारण वह परिवार सहित गाड़रवारा गए हुए थे। 24 अगस्त को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान की पहली मंजिल के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।

घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी भी टूटी मिली और उसमें रखे लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवरात गायब थे।

मामले में थाना बनखेड़ी में अपराध क्रमांक 235/2026, धारा 331(4), 305(क) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस. थोटा, IPS, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और एसडीओपी मोहित यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बनखेड़ी निरीक्षक विजय सनस के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की करीब चार दिनों की रिकॉर्डिंग को बारीकी से खंगाला गया।

साइबर सेल की तकनीकी सहायता और CCTV फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

चिचली के दो आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने:

  • अमित पिता ओमकार ताम्रकार, उम्र 33 वर्ष, निवासी चिचली, जिला नरसिंहपुर
  • दीपक पिता स्व. खेमचंद सोनी, निवासी ग्राम चिचली, थाना चिचली, जिला नरसिंहपुर

को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित ताम्रकार के विरुद्ध पूर्व में गाड़रवाड़ा, गोटेगांव और चिचली थानों में चोरी, आबकारी सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी दीपक सोनी के विरुद्ध भी पूर्व में गाड़रवाड़ा थाने में अपराध दर्ज होना सामने आया है।

नागरिकों के CCTV बने पुलिस की ताकत

एसडीओपी बनखेड़ी मोहित यादव ने बताया कि इस पूरे मामले के खुलासे में बनखेड़ी नगर के नागरिकों द्वारा जनसहयोग से लगाए गए CCTV कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अलग-अलग स्थानों से प्राप्त फुटेज की मदद से आरोपियों की गतिविधियों और उनके आवागमन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को मिले।

उन्होंने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से लगाए गए CCTV कैमरे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ अपराध होने के बाद आरोपियों तक पहुंचने में भी बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं।

एसडीओपी ने नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने तथा उन्हें चालू स्थिति में रखने की अपील की।

पुलिस टीम का रहा महत्वपूर्ण योगदान

चोरी के मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सनस, सउनि सीताराम अहिरवार, प्र.आर. बद्रीप्रसाद करोचे, प्र.आर. चालक अशोक मांझी, आरक्षक नीलेश कौरव, अभिषेक सोनी, आकाश रघुवंशी, अभिषेक पटेल, लेखराम, राजकुमार, अर्जुन, कीरत रघुवंशी, विकास मेहरा, साइबर सेल नर्मदापुरम के आरक्षक प्रशांत सिंह राजपूत, दीपेश सोलंकी सहित नगर रक्षा समिति सदस्य अनिल पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!