शिक्षक दंपती के सूने मकान से लाखों के जेवरात चोरी, रिश्तेदारों पर पुलिस को शक; जल्द हो सकता है खुलासा
बनखेड़ी में मां के अंतिम संस्कार में गए शिक्षक दंपती के सूने मकान से लाखों के सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।

बनखेड़ी गाडरवारा। मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने गाडरवारा गए शिक्षक दंपती के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और बेडरूम की अलमारी में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बोहरा कॉलोनी निवासी शिक्षक दंपती 21 अगस्त को मां के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने गाडरवारा गए थे। 24 अगस्त की सुबह जब परिवार वापस बनखेड़ी स्थित अपने घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचने पर बेडरूम की अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे।
8 से 10 तोले सोने के जेवरात चोरी
पीड़ित विजय सोनी ने पुलिस को बताया कि चोर करीब 8 से 10 तोले सोने के आभूषण सहित चांदी के जेवरात ले गए हैं। चोरी गए सामान में करीब 20 ग्राम का सोने का हार, 10 ग्राम का मंगलसूत्र, चार सोने के कंगन, करीब तीन तोले का बाजूबंद, डेढ़ तोले की सोने की चेन, दो अंगूठियां, सोने का लॉकेट और टॉप्स शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा करीब 50 ग्राम वजन की चांदी की पायल भी चोरी होने की जानकारी दी गई है।
सूने मकान में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग, जल्द हो सकता है खुलासा
इधर, सूत्रों के अनुसार पुलिस को चोरी की वारदात में अहम सुराग हाथ लगे हैं और पुलिस मामले से जुड़े संदिग्धों तक पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी बाहरी चोर के बजाय पीड़ित परिवार के ही कुछ रिश्तेदारों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच और आधिकारिक खुलासे के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की वारदात को किसने और किस तरह अंजाम दिया।
थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया कि चोरी की घटना की कायमी कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।







